Breaking
Tue. Apr 14th, 2026

मांडर टोल प्लाजा पर बवाल: शादी में जा रहे लोगों ने कर्मियों पर बोला हमला, लूटपाट और तोड़फोड़ से दहला इलाका

राँची। जिले के मांडर थाना क्षेत्र स्थित मांडर टोल प्लाजा सोमवार की रात अचानक हिंसा का केंद्र बन गया, जब एक मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में शामिल होने जा रहे 50-60 लोगों का एक समूह टोल प्लाजा पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर टोल कर्मियों से विवाद हो गया। कुछ ही मिनटों में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ बेकाबू होकर टोल प्लाजा में घुस गई और वहां मौजूद कर्मचारियों पर हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और टोल कर्मियों के मुताबिक, हमलावर लाठी-डंडों से लैस थे और उन्होंने टोल मैनेजर समेत कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान टोल प्लाजा परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी। हमले में टोल मैनेजर सहित करीब आधा दर्जन कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। कई कर्मचारियों के सिर फट गए, जबकि कुछ खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ कर्मियों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया।

घटना के दौरान हमलावरों ने टोल प्लाजा में जमकर तोड़फोड़ भी की। पत्थरबाजी कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और टोल कार्यालय में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, साथ ही कैश अलमारी की चाबी भी लूट ली गई। इस पूरी घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

टोल मैनेजर ने आरोप लगाया है कि मामूली विवाद को बहाना बनाकर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने पहले बहस शुरू की और फिर अचानक हिंसक होकर हमला कर दिया। घटना के बाद टोल प्रबंधन की ओर से मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

शिकायत में हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किए गए कुछ वाहनों के नंबर भी पुलिस को सौंपे गए हैं, जिनमें JH 01 DG 8553 (स्विफ्ट), JH 02 BM 9725 (बलेनो), JH 01 BA 3900 (अल्टो 800), JH 01 AJ 8239 (स्विफ्ट) और JH 01 AN 2870 शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post