बोकारो। जिले में नाबालिग की अस्मिता पर हमला करने की कोशिश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाम कर दिया। दिनांक 12 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4 बजे एक महिला अपनी नाबालिग पुत्री के साथ बालीडीह थाना पहुंची और दो व्यक्तियों द्वारा उसकी बेटी के साथ यौन शोषण का प्रयास किए जाने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बालीडीह थाना कांड संख्या-65/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2)/62 एवं पोक्सो एक्ट की धारा 8/12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्णा कपरदार (32 वर्ष, ग्राम चैनपुर) और अमित कुमार मंडल (ग्राम गुड़गुढ़ी) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (हीरो ग्लैमर, संख्या JH05AW-2310) तथा दो मोबाइल फोन (सैमसंग और ओपो) भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के साथ पुलिस टीम के कई पदाधिकारी और जवान शामिल रहे, जिनकी तत्परता से एक गंभीर अपराध को समय रहते दबोच लिया ।
बोकारो में दरिंदगी की कोशिश नाकाम, नाबालिग से दुष्कर्म प्रयास मामले में 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार — बालीडीह पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद – पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

