रांची :* रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में जो सच सामने आया है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। बच्ची की मौत को पहले सामान्य घटना बताने की कोशिश हुई, लेकिन पुलिस की सख्त जांच ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार लोगों के नाम सुषमा कुमारी, प्रदीप बारला और संतोष कुमार दास बताए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कांके थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद इसे गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू की गई।
2022 से जुड़ा है पूरा मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले की शुरुआत साल 2022 में हुई थी। उस समय आंगनबाड़ी महिला पर्यवेक्षिका सुषमा कुमारी ने बुढ़मू क्षेत्र से एक नाबालिग बच्ची को अपने साथ रखने की बात कही थी। परिजनों को भरोसा दिलाया गया था कि बच्ची की देखभाल और परवरिश अच्छे से की जाएगी। लेकिन समय के साथ हालात बदलते गए और बच्ची के परिवार से विवाद और दूरी बढ़ती चली गई।
*घर में बंधक बनाकर रखने का आरोप*
जांच में सामने आया है कि बच्ची को घर में बंधक बनाकर रखा गया था। उसे बाहर की दुनिया से लगभग पूरी तरह अलग कर दिया गया था। इस दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के भी आरोप सामने आए हैं। इस मामले में सुषमा कुमारी के साथ उसके भाई प्रदीप बारला की भूमिका पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
*10-11 अप्रैल की रात हुई घटना*
पुलिस के अनुसार 10 और 11 अप्रैल 2026 की रात इस मामले की सबसे अहम कड़ी है। इसी रात बच्ची के साथ गंभीर घटना हुई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने इसे छुपाने की कोशिश शुरू कर दी।
*अस्पतालों में ले जाकर गुमराह करने की कोशिश*
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के बाद शव को अलग अलग अस्पतालों में ले जाया गया, ताकि मामला सामान्य मौत जैसा लगे और पुलिस जांच से बचा जा सके। लेकिन यह कोशिश ज्यादा देर तक सफल नहीं रही।
*सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज*
पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की तो पूरा मामला साफ हो गया। धीरे धीरे यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित घटना है। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
*तीन लोग हिरासत में, पूछताछ जारी*
इस मामले में पुलिस ने सुषमा कुमारी, प्रदीप बारला और संतोष कुमार दास को हिरासत में लिया है। तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसमें और लोग भी शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, तीन अलग अलग कंपनी के मोबाइल फोन, कैंची, पिलास, लाठी, रस्सी और एडहेसिव टेप बरामद किया है।

