Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

विप्र फाउंडेशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने पर पुरुषोत्तम शर्मा का सम्मान

चाईबासा: झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की इकाई जिला मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सम्मेलन चाईबासा के संयुक्त तत्वावधान में विप्र फाउंडेशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर पुरुषोत्तम शर्मा को उनके आवास पर रविवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्यों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

पुरुषोत्तम शर्मा का जन्म 23 जनवरी 1957 को चाईबासा में हुआ। उन्होंने अपने जीवनकाल में कई सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई है। वे वर्ष 1995 से 2018 तक एसपीजी मिशन हाई स्कूल में प्रधानाचार्य रहे।

इसके अलावा नेशनल कैडेट कोर के प्रभारी, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय महामंत्री, श्याम प्रचार मंडल के अध्यक्ष, शिक्षक संघ के अध्यक्ष, चाईबासा गोशाला, मारवाड़ी सम्मेलन सहित कई संस्थाओं में सदस्य रहते हुए विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।

चाईबासा मारवाड़ी समाज ने उनके विप्र फाउंडेशन के झारखंड, बिहार और ओडिशा के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने पर खुशी जताई और इसे गौरव का विषय बताया। सम्मेलन के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विप्र फाउंडेशन तीनों राज्यों में बेहतर कार्य करेगा और समाजहित में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के उपाध्यक्ष सह शाखा अध्यक्ष रमेश खिरवाल, जिला सम्मेलन अध्यक्ष अशोक विजयवर्गीय, सलाहकार सदस्य अनिल मुरारका, कोषाध्यक्ष रामस्वरुप अग्रवाल, पवन चाण्डक, दिलीप अग्रवाल, गौरीशंकर चिरानिया, मनोज शर्मा, रमेश चौमाल, शिव बजाज, जीवन वर्मा, संजय गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post