Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

जमशेदपुर में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, 8-10 साथियों की तलाश जारी

जमशेदपुर। शहर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस की इस कार्रवाई में चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी बचनदेव कुचुर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शहर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन समद, बापी समद, सुखदेव लोहरा और बसंती समद के रूप में हुई है। इनमें से दो आरोपियों को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था, जबकि उनकी निशानदेही पर बाकी दो को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें स्प्लेंडर और ग्लैमर जैसी लोकप्रिय बाइक शामिल हैं। सभी बरामद वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर को जब्त कर लिया गया है, ताकि उनके असली मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस सौंपा जा सके।

जांच के दौरान यह सामने आया है कि यह गिरोह काफी संगठित तरीके से काम करता था। गिरोह के सदस्य जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें अन्य राज्यों में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में कुल 8 से 10 सदस्य शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान चला रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Post