जमशेदपुर। बुधवार देर रात साकची थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है, जहां चापड़ से किए गए हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान संजीत शर्मा और अमरजीत शर्मा के रूप में हुई है, जो आपस में सगे भाई हैं। दोनों पर अचानक चापड़ से हमला किया गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हमले में घायल अमरजीत शर्मा का संबंध भारतीय जनता पार्टी से है, जिसके बाद इस मामले ने सियासी रंग भी पकड़ लिया है। राजनीतिक गलियारों में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, हमला करने वाला आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। इतना ही नहीं, इलाके में यह भी चर्चा है कि आरोपी को काशीडीह के एक दबंग नेता का संरक्षण प्राप्त है, जिससे पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। साकची थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
शहर में लगातार बढ़ती इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही हैं और आम लोगों में असुरक्षा की भावना को बढ़ा रही हैं।

