Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

रांची में चोरी और चेन छिनतई का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद

रांची :* राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में बाइक चोरी और महिला से चेन छिनतई की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी व छिनतई का सामान भी बरामद किया गया है। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया है।

पहला मामला लोअर बाजार थाना कांड संख्या 58/2026 का है, जिसमें वादी स्वेद अब्दुल साकिल ने अपनी बाइक (BR01BW-2855) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध के रूप में जिशान कुरैशी को चिन्हित किया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद कर ली गई, साथ ही बुढ़मु ओवरब्रिज के पास से एक अन्य चोरी की बाइक भी बरामद हुई।

वहीं दूसरा मामला कांड संख्या 60/2026 का है। 7 अप्रैल को सूचना मिली कि कांटाटोली चौक से बहुबाजार जाने वाले रास्ते पर एक महिला से चेन छिनतई की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और स्थानीय लोगों तथा पीसीआर की मदद से आरोपी जावेद अंसारी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से छिना गया सोने का चेन, एक बाइक (JH01FL-2613) और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जिशान कुरैशी (25 वर्ष) कांटाटोली का रहने वाला है, जबकि जावेद अंसारी (24 वर्ष) ईटकी थाना क्षेत्र का निवासी है। जावेद अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से रातु थाना और सुखदेव नगर थाना में मामले दर्ज हैं।

इन दोनों मामलों में पुलिस ने कुल दो बाइक, एक सोने का चेन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों की भी अहम भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।

Related Post