Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

ट्यूशन से लौट रही युवती पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में जमशेदपुर रेफर

चाईबासा: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई, जहां ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही एक युवती पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया।

घटना कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल के सामने वाली गली की बताई जा रही है। घायल युवती की पहचान शिल्पी मोदक (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो न्यू कॉलोनी नीमडीह में संतोषी मंदिर के पास की रहने वाली है। उसके पिता अनिल मोदक टोटो चालक हैं।

जानकारी के अनुसार, शिल्पी मोदक रोज की तरह बुधवार शाम करीब 8 बजे ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रही थी।

इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर ने सफेद शर्ट और जींस पहन रखी थी।

उसने युवती पर लगातार सात से आठ बार चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।

घायल के बड़े पिता सुनील मोदक ने बताया कि शिल्पी उनके छोटे भाई अनिल मोदक की बेटी है और वह प्रतिदिन बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाती थी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना कुछ बच्चों के माध्यम से परिवार को मिली, जिसके बाद सभी लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे।

मामले की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Related Post