Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

25 अप्रैल को चेक बाउंस मामलों के लिए विशेष लोक अदालत, 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार पश्चिमी सिंहभूम जिला में 25 अप्रैल को एन आई एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। वहीं 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी।

इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मौहम्मद शाकिर की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में सभी बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में लीड बैंक सहित सभी बैंक अधिकारियों को विशेष लोक अदालत की सफलता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला जज ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों और पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिकाधिक मामलों का निष्पादन कराया जाए तथा जिन मामलों में मध्यस्थता की आवश्यकता है, उन्हें प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

जानकारी के अनुसार 20 से 24 अप्रैल तक लंबित मामलों की समीक्षा और निष्पादन के लिए प्री-सीटिंग आयोजित की जाएगी, जबकि 25 अप्रैल को विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अपने चेक बाउंस से जुड़े मामलों के समाधान के लिए प्राधिकार कार्यालय से संपर्क कर इस अवसर का लाभ उठाएं।

यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने दी।

Related Post