चाईबासा: हाटगम्हरिया प्रखंड के डुमरिया पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कुलाबुरु में राज्य स्तरीय बहुभाषी शिक्षा चैंपियनशिप की विजेता छात्रा अनिता गागराई का भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कक्षा 2 की छात्रा अनिता गागराई ने हो भाषा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंगल सिंह मुण्डा उपस्थित रहे, जिनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
जानकारी के अनुसार 30-31 मार्च को आयोजित राज्य स्तरीय बहुभाषी शिक्षा चैंपियनशिप में अनिता गागराई को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। उन्हें रांची के शौर्य सभागार, डोरंडा में डॉ शशि रंजन द्वारा साइकिल, टैब, स्कूल बैग, डोम्स कलर किट और टिफिन सेट देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय में आयोजित समारोह में डुमरिया पंचायत की मुखिया सुशीला गागराई, पंचायत समिति सदस्य रविन्द्र गागराई, विद्यालय के प्रधानाध्यापक गुरुचरण हेम्ब्रोम और मुख्य अतिथि मंगल सिंह मुण्डा ने छात्रा को सम्मानित किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि बच्चों की सफलता में शिक्षक, अभिभावक और समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अनिता की शिक्षिका यशवंती सिंकु की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों की उपलब्धियों के पीछे शिक्षकों की मेहनत अहम होती है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका शीतल पिंगुवा बानरा, सहायक शिक्षक रोयाराम गागराई, सहायक शिक्षिका सुषमा भुंईया, शिक्षिका मोती कुमारी गागराई, एसएमसी अध्यक्ष महेन्द्र गागराई, शिक्षाविद रघुनाथ बानरा, राकेश बानरा सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे।
विद्यालय में सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रा की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और अभिभावकों ने इसे गर्व का विषय बताया।

