चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद दोनों इलाकों में शोक का माहौल है। एक मामले में अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।
पहली घटना मझगांव थाना क्षेत्र की है। यहां स्कूटी दुर्घटना में 21 वर्षीय सोमनाथ बालमुचू की मौत हो गई। सोमनाथ बालमुचू छोटा लुंगती गांव का निवासी था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वह खैरपाल मेला जाने के लिए स्कूटी से निकला था।
इसी दौरान रास्ते में उसका संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी गिर गई।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव की है। यहां शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे बेनु गोप की मोटरसाइकिल की आमने-सामने अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बेनु गोप अपने फुआ के घर से अपने गांव सोनपोस लौट रहे थे। हादसे के समय वह अकेले थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बेनु गोप गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मुंडा के माध्यम से पुलिस और उनके परिजनों को सूचना दी। वहीं, टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिलते ही दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इन दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।

