जगन्नाथपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के दुड़िरता गांव में जमीन विवाद ने गुरुवार को अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विवाद आपसी रिश्ते में चाचा-भतीजे के परिवारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था।
घटना के संबंध में प्रथम पक्ष के समित जेराई ने बताया कि जब उनके परिवार के लोग उनकी मां सपनी जेराई के साथ मारपीट कर रहे थे, तब उन्होंने आत्मरक्षा में जवाबी हमला किया। उनका कहना है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हो रहा है, वह उनके पिता और बड़े पिता के नाम पर दर्ज है और दूसरे पक्ष का उस पर कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन की सही जानकारी रखने वाली महिला की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। समित जेराई ने यह बातें पोस्टमार्टम के दौरान कहीं। इस दौरान सुखलाल जेराई, परगना पूर्ति और तुराम पूर्ति भी मौजूद थे।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से विक्रम जेराई के पुत्र ललित जेराई ने अलग दावा किया है।
उनका कहना है कि वर्ष 1982 में ही जमीन का बंटवारा हो चुका है और वे अपने हिस्से की जमीन पर घर बनाना चाह रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया और योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। ललित जेराई ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले ही ग्राम सभा में मुंडा और डाकुवा के सामने शिकायत की गई थी, जहां उन्हें धमकी भी दी गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में अंचलाधिकारी (सीओ) और एसडीओ जगन्नाथपुर को पहले ही आवेदन दिया जा चुका है। हालांकि उन्होंने महिला पर हमला करने के आरोप से इनकार किया है।
घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष के विक्रम जेराई, उनके पुत्र ललित जेराई, कमल जेराई और प्रवीण जेराई को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज सदर अस्पताल चाईबासा में पुलिस निगरानी में चल रहा है। घायलों के सिर पर गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

