Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

रांची में गैस कालाबाजारी का अड्डा बेनकाब, दर्जनों सिलेंडर और मशीन बरामद

*रांची :* रांची में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर हरिहर सिंह रोड, मोरहाबादी स्थित एक दुकान में छापेमारी की गई। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, इलाके में हड़कंप मच गया।

*दुकान में चल रहा था अवैध गैस का खेल*

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दुकान में घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर उसे ज्यादा दामों पर बेचा जा रहा था। यानी सीधे तौर पर गैस की कालाबाजारी का खेल चल रहा था।

*मौके से मशीन और उपकरण जब्त*

कार्रवाई के दौरान टीम ने गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीन, पाइप, नोजल समेत कई उपकरण बरामद किए। अधिकारियों ने तुरंत सभी सिलेंडरों और उपकरणों को जब्त कर लिया। इसके बाद जब्त सामग्री को अधिकृत गैस एजेंसी को सुरक्षित रखरखाव के लिए सौंप दिया गया है।

*सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा*

जांच के दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि इस तरह की अवैध रिफिलिंग सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह लोगों की जान के साथ भी खिलवाड़ है। बिना किसी सुरक्षा मानक के गैस भरना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

*FIR की तैयारी, होगी कड़ी कार्रवाई*

प्रशासन ने बताया कि यह मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और एलपीजी सप्लाई नियमों के तहत गंभीर अपराध है। इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*लोगों से सहयोग की अपील*

जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया गया है, जहां शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

*विशेष अभियान का हिस्सा है कार्रवाई*

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने इसे विशेष अभियान का हिस्सा बताया है। उन्होंने कहा कि जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post