जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत बोड़ाम थाना क्षेत्र के बेलगोड़ा टोला में शुक्रवार देर रात करीब एक बजे बकरी चोरी की नीयत से घुसे तीन युवकों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, संदिग्ध युवक जमशेदपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके पास से दो भुजाली, एक डायरी समेत अन्य सामग्री बरामद कर पुलिस को सौंपा गया। बताया जाता है कि इससे पहले भी इन आरोपियों ने केंदडीह टोला में बिशु सिंह के घर पर बाइक चोरी का प्रयास किया था, लेकिन घरवालों के जाग जाने पर वे मौके से भाग निकले थे।
बेलगोड़ा टोला में जैसे ही आरोपी लालमोहन महतो के घर में घुसे, उस समय घर के लोग धान सिझाने के कारण जाग रहे थे। आहट मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और घेराबंदी कर भाग रहे आरोपियों में से दो को झाड़ियों से पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया, हालांकि इस दौरान ग्रामीणों ने उनकी पिटाई भी कर दी।
बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपियों का गिरोह कितना बड़ा है और वे किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से बोड़ाम थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बकरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। घटना के बाद शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इलाके में एक साल के भीतर चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

