कोडरमा। जिले के तिलैया थाना अंतर्गत वार्ड संख्या 24 के गैस गोदाम गली स्थित एक खपरैल मकान में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लग गई। जिससे घर में रखा सारा समान जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी देते हुए पीड़िता निर्मला देवी ने बताया कि वह घर-घर जाकर झाड़ू पोछा व बर्तन साफ-सफाई का काम किया करती हैं। हर दिन की भांति शुक्रवार की सुबह भी वे अपने घर का सारा काम निपटा कर अपने ड्यूटी पर निकल गई थी। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके घर में आग लग गई है। जिसके बाद वह आनन-फानन में अपने घर पहुंची। वहां पहुंचने पर देखा कि उनके घर में तेज आग की लपटें निकल रही थी और उनकी आंखों के सामने ही उनका घर आग के गाल में समा चुका था। इस बीच स्थानीय प्रतिनिधि व स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हुए और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाने में सफल हो पाए। इधर निर्मला देवी ने बताया कि उनके घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका है और उन्हें भारी नुकसान भी हुआ है। चूंकि वह घर-घर जाकर झाड़ू-पोछा लगाया करती हैं और आर्थिक रूप से काफी मजबूत भी नहीं है। ऐसे में अब वह बिल्कुल बेसहारा हो चुकी हैं और वे प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठी हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन उन्हें सरकारी योजना के तहत मकान बनाने में उनकी मदद करें। वहीं स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विजय शुक्ला ने कहा कि निर्मला देवी आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं और उनके पीछे कोई भी सहारा नहीं है। पीड़ित को जल्द से जल्द आपदा प्रबंधन के तहत मदद दिया जाय।

