Breaking
Fri. Mar 20th, 2026

*रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता का चाईबासा दौरा, सामाजिक कार्यों की सराहना* 

चाईबासा: रोटरी क्लब जिला मंडल 3250 (बिहार एवं झारखंड) की जिला गवर्नर रोटरीयन नम्रता ने चाईबासा रोटरी क्लब का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान सत्र में किए गए कार्यों की समीक्षा की और क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का अवलोकन किया।

दौरे के दौरान नम्रता ने रोटरी क्लब चाईबासा के कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से सदर अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण और टीबी मरीजों के लिए फूड बास्केट कार्यक्रम की प्रशंसा की। इसके अलावा क्लब द्वारा बालिकाओं के लिए कंप्यूटर शिक्षण और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों को भी सराहा।

उन्होंने नए इंटरैक्ट क्लब और रोटरी से जुड़े नए सदस्यों का स्वागत किया। साथ ही क्लब के अध्यक्ष विकास दोदराजका और सचिव हीना ठककर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना और सामाजिक समानता तथा वैश्विक भाईचारे को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि रोटरी के सदस्यों को समाज के विकास और हर परिवार के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करना चाहिए।

नम्रता ने यह भी कहा कि रोटरी से जुड़ने पर समाज में विश्वास और पहचान बढ़ती है। उन्होंने टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ चल रहे संयुक्त अभियानों की भी समीक्षा की और ऐसे प्रयासों को अन्य क्लबों द्वारा अपनाने की बात कही।

इस दौरान सचिव हीना ठककर ने क्लब का कार्य प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और नए सदस्यों को रोटरी पिन पहनाकर सदस्यता प्रदान की। कार्यक्रम एक निजी होटल में आयोजित हुआ, जहां जिला गवर्नर ने सभी सदस्यों के साथ बैठक भी की और उन्हें एकजुट होकर सेवा कार्य करने का संदेश दिया।

अध्यक्ष विकास दोदराजका ने नम्रता को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर असिस्टेंट गवर्नर देवेंद्र नाथ जेना सहित रोटरी क्लब, रोटरैक्ट क्लब और इंटरैक्ट क्लब चाईबासा के सदस्य उपस्थित थे।

Related Post