Breaking
Fri. Mar 20th, 2026

बालू में दफन मिला लापता व्यक्ति का शव, भतीजे ने हत्या की बात कबूली

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंडू गांव, टोला मानकीसाई में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बालू में दफन अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेहरा केराई (उम्र लगभग 51-52 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पुत्र बुधराम कराई ने बताया कि उसके पिता 17 मार्च से लापता थे। परिवार के लोग लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई पता नहीं चल पा रहा था। गुरुवार को घर निर्माण कार्य में लगे एक राजमिस्त्री ने घर से करीब 500 मीटर दूर बालू फैला हुआ देखा।

शक होने पर जब बालू हटाया गया, तो अंदर से बेहरा केराई का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।

शव मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इसी बीच मृतक के ही परिवार के सदस्य और उसके चाचा का बेटा लिंगा केराई सामने आया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि उसी ने बेहरा केराई की हत्या कर शव को बालू में दबा दिया था।

ग्रामीण मुंडा द्वारा मामले की सूचना टोंटो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी लिंगा केराई, जिसने खुद आत्मसमर्पण किया, को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

शुक्रवार को टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार हेंब्रम ने बताया कि 17 मार्च की रात चाचा और भतीजे के बीच खाने-पीने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर झगड़ा हो गया, इसी दौरान लिंगा केराई ने बेहरा केराई के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने उसे बालू में दफना दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और भी तथ्य सामने आ सकते हैं।

Related Post