चाईबासा: शहर के आमला टोला क्षेत्र में रहने वाले विक्षिप्त मृणाल सिन्हा उर्फ काबलु से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। इस संबंध में स्थानीय लोगों की सूचना पर कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) चाईबासा को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में त्रिशानु राय ने बताया कि मृणाल सिन्हा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका कोई परिजन भी नहीं है। वह अकेले अपने घर में रहता है और अक्सर चाकू, डंडा, पत्थर, ईंट तथा लोहे का रॉड लेकर आसपास घूमता रहता है। इस दौरान वह स्थानीय लोगों पर हमला करने की कोशिश भी करता है।
बताया गया है कि हाल ही में उसने पड़ोस में रहने वाली मौसमी मुखर्जी के घर की खिड़की का शीशा तोड़ दिया। इससे पहले भी वह कई बार इस तरह की हरकत कर चुका है, जिससे इलाके के लोग भयभीत हैं। लोगों का कहना है कि किसी भी समय कोई बड़ी घटना हो सकती है।
त्रिशानु राय ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में जनवरी महीने में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा द्वारा रिनपास, कांके (रांची) के अधीक्षक को इलाज और भर्ती के लिए पत्र लिखा गया था। लेकिन परिजन नहीं होने और व्यक्ति के आक्रामक व्यवहार के कारण उसे इलाज के लिए रांची ले जाना संभव नहीं हो सका।
उन्होंने प्रशासन से जनहित और सुरक्षा के मद्देनजर जल्द उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

