Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

चाईबासा में ईद, सरहुल व रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था के लिए हुई बैठक*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला प्रशासन ने आगामी पर्व-त्योहार ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र और चैती छठ-2026 को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु बैठक आयोजित की। बैठक उपायुक्त के निर्देश पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक अमित रेनू उपस्थित रहे।

बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक कर त्योहारों के दौरान होने वाले कार्यक्रमों, जुलूसों और आयोजनों को लेकर समन्वय स्थापित करें। लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी अखाड़ों के साथ समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया।

प्रशासन ने संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ईद के दौरान मस्जिद और ईदगाह में नमाज के समय, सरहुल के जुलूस व मेलों तथा रामनवमी के कार्यक्रमों की पूर्व जानकारी लेने को कहा गया।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सरहुल और रामनवमी जुलूस के निर्धारित मार्ग का भौतिक सत्यापन करें और रास्ते में मौजूद निर्माण सामग्री को हटवाएं। बिजली विभाग को जुलूस के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद रखने, लो हैंगिंग वायर की जांच करने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जुलूसों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे का उपयोग किया जाएगा और ऊंची इमारतों की छतों पर भी नजर रखी जाएगी।

अखाड़ा समितियों को अपने-अपने स्वयंसेवकों को फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ तैनात करने और उनकी सूची संबंधित थाना या अनुमंडल कार्यालय में जमा करने को कहा गया।

सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर 24 घंटे निगरानी रखने तथा भड़काऊ या आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट पर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पर्व-त्योहार के दौरान चिकित्सकों और एंबुलेंस की तैनाती तथा संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, बिजली विभाग एवं पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Related Post