गम्हारिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हारिया थाना क्षेत्र स्थित अंजनेय इस्पात लिमिटेड कंपनी में हुए चोरी कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए सामान के साथ घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस को इस संबंध में कंपनी के प्रतिनिधि गौरव राज सिंह द्वारा 12 मार्च 2026 को शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि 11 और 12 मार्च की मध्यरात्रि में अज्ञात चोरों ने कंपनी के स्टोर रूम का ताला तोड़कर तांबे के दो बाल्टीनुमा ट्यूयर और पीतल के चार ब्रास बुश चोरी कर लिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गम्हारिया थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों—बजरंग कुमार महतो, लखन महतो, विशाल लोहार, आकाश गोराई, गौतम कुमार और आसिफ अली—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सामान बरामद किया, जिसमें करीब 48 किलोग्राम वजन के दो कॉपर ट्यूयर और लगभग 66 किलोग्राम वजन के चार ब्रास बुश शामिल हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया छोटा हाथी वाहन (JH05AL-1211) भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

