Breaking
आनंद मार्ग ने 100 से अधिक रक्तवीरों को किया सम्मानित जमशेदपुर। मानव सेवा और आध्यात्मिक चेतना के अद्भुत संगम का उदाहरण शनिवार को उस समय देखने को मिला, जब आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल (AMURT) की ओर से गदरा स्थित आनंद मार्ग आश्रम में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 100 से अधिक नियमित रक्तदाताओं को “रक्तवीर” की उपाधि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन लोगों को प्रोत्साहित करना था, जिन्होंने भय और संकोच को पीछे छोड़ते हुए नियमित रूप से रक्तदान कर समाज में जीवन बचाने का कार्य किया है। सम्मानित सभी रक्तदाता आनंद मार्ग द्वारा हर महीने जमशेदपुर ब्लड सेंटर में आयोजित होने वाले मासिक रक्तदान शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। समारोह में आनंद मार्ग के वरिष्ठ संन्यासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। उन्होंने रक्तवीरों को आशीर्वाद देते हुए इसे न केवल सामाजिक बल्कि आध्यात्मिक सेवा भी बताया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल शारीरिक सहायता नहीं, बल्कि मानवता के प्रति निस्वार्थ समर्पण का प्रतीक है। इस मौके पर सुनील आनंद ने अपने संबोधन में रक्तदान के आध्यात्मिक पक्ष को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि यदि रक्तदान को परमात्मा के प्रति समर्पण भाव से किया जाए, तो यह एक साथ दोहरा पुण्य प्रदान करता है—एक ओर जरूरतमंद को जीवन मिलता है और दूसरी ओर दाता के मन और शरीर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान का कोई विकल्प नहीं है। यह ऐसा दान है, जो सीधे किसी के जीवन से जुड़ा होता है और इसे निस्वार्थ भाव से करना ही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है।” उन्होंने आगे कहा कि जब व्यक्ति यह सोचकर रक्तदान करता है कि वह परम पुरुष की संतानों के कष्ट को कम करने में योगदान दे रहा है, तब उसका यह कार्य और भी महान बन जाता है। यही भावना रक्तदाता को ‘रक्तवीर’ बनाती है, क्योंकि वह भय वृत्ति पर विजय प्राप्त कर समाज के लिए आगे आता है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार हर 90 दिन के अंतराल पर नियमित रक्तदान करने वाले व्यक्तियों को ही इस सम्मान के लिए चयनित किया गया। इससे यह सुनिश्चित होता है कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित और स्वास्थ्य के अनुकूल हो। समारोह के अंत में सभी रक्तवीरों को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। पूरे कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और आध्यात्मिकता की भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
Sat. May 2nd, 2026

जुगसलाई में पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव, बिष्टुपुर की शिवानी कुमारी के रूप में हुई पहचान

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के काबली कब्रिस्तान के पास झाड़ियों वाले सुनसान इलाके में पेड़ से लटका मिला युवती का शव अब पहचाना जा चुका है। मृतका की पहचान बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती निवासी 17 वर्षीय शिवानी कुमारी, पिता सुरेश कुमार के रूप में हुई है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना के सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि काबली कब्रिस्तान के समीप एक पेड़ से युवती का शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर सूचना सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराते हुए शव को नीचे उतारा और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान मृतका की पहचान शिवानी कुमारी के रूप में हुई, जो बिष्टुपुर क्षेत्र की रहने वाली थी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शिवानी मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी। हालांकि यह सवाल बना हुआ है कि वह जुगसलाई के इस सुनसान इलाके तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया।

पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फिलहाल किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post