*रांची :* चान्हो थाना क्षेत्र के करकट गांव में तीन दिनों से लापता एक 35 वर्षीय युवक का शव कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरतू मुंडा (35), पिता महादेव मुंडा, निवासी करकट गांव के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बरतू मुंडा शनिवार को अपने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में स्नान करने के लिए गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह किसी काम से बिना बताए कहीं चला गया होगा, लेकिन जब देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, फिर भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सोमवार की सुबह परिजन फिर से उसकी तलाश में निकले और उसी कुएं के पास पहुंचे, जहां वह नहाने गया था। वहां कुएं के पास उसके कपड़े पड़े मिले। कपड़े देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुएं में तलाश की गई, जहां से बरतू मुंडा का शव बरामद किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि स्नान करने के दौरान पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह कुएं में गिर गया होगा, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि बरतू मुंडा शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर चान्हो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

