रांची। झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को होटल मर्करी रेसीडेंसी में झारखंड फोटोग्राफी एसोसिएशन सेंट्रल (JPAC) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 6th इमेजिंग एक्सपो 2026 के पोस्टर का औपचारिक विमोचन किया गया। इस अवसर पर रांची महानगर की नवनिर्वाचित मेयर श्रीमती रोशनी खलखो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मेयर रोशनी खलखो ने एक्सपो के पोस्टर का अनावरण करते हुए आयोजकों को इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम फोटोग्राफी और क्रिएटिव इंडस्ट्री को नई दिशा देने के साथ युवाओं को भी नई संभावनाएं प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आगामी 10, 11 एवं 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले 6th इमेजिंग एक्सपो 2026 की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि यह एक्सपो झारखंड के फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों, स्टूडियो संचालकों और डिजिटल मीडिया से जुड़े पेशेवरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा, जहां उन्हें नवीनतम तकनीकों, उपकरणों और फोटोग्राफी से जुड़ी आधुनिक प्रवृत्तियों की जानकारी मिलेगी।
बैठक में एक्सपो के सफल आयोजन के लिए कार्यों का विभाजन भी किया गया। झारखंड के 17 जिला फोटोग्राफी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और भव्य बनाया जा सके। आयोजन समिति ने बताया कि इस तीन दिवसीय एक्सपो में देश की कई प्रमुख कैमरा कंपनियां, एल्बम और प्रिंटिंग कंपनियां, लाइटिंग और स्टूडियो उपकरण से जुड़ी संस्थाएं अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र के विशेषज्ञों द्वारा वर्कशॉप, लाइव डेमो और तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य फोटोग्राफी से जुड़े पेशेवरों को एक मंच पर लाना, नई तकनीकों से परिचित कराना और इस क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फोटोग्राफर, स्टूडियो संचालक, मीडिया प्रतिनिधि और विभिन्न जिला एसोसिएशनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने मिलकर एक्सपो को सफल बनाने का संकल्प लिया और उम्मीद जताई कि यह आयोजन फोटोग्राफी उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

