Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

एनएच-49 पर तेज रफ्तार का कहर, सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 49 (एनएच-49) पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को खंडामौदा चौक के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की जान चली गई। सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान गामारिया पंचायत अंतर्गत मालहुआ (राजबांध) गांव निवासी युगल माईती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युगल माईती रोजाना की तरह सुबह दूध देने के लिए अपने घर से निकले थे। वे साइकिल से सड़क किनारे पहुंचे और साइकिल खड़ी कर पैदल ही राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान बहरागोड़ा से कोलकाता की दिशा में जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युगल माईती उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत एनएच एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बहरागोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

Related Post