Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

चतरा एयर एंबुलेंस हादसा : 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान का इंजन, जांच में मिलेगी मदद

*चतरा :* चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित कासियतू करमटांड जंगल में 23 फरवरी को हुए एयर एंबुलेंस हादसे से जुड़ा एक अहम सुराग रविवार को सामने आया। महुआ चुनने गए ग्रामीणों ने जंगल में विमान का इंजन का एक हिस्सा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सिमरिया थाना पुलिस को दी।

*हादसे के 21 दिन बाद मिली अहम जानकारी*

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इंजन के हिस्से को कब्जे में लिया। यह हिस्सा दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में पाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से ही विमान के कुछ हिस्सों की तलाश की जा रही थी।

*जांच टीम को मिल सकता है बड़ा सुराग*

थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि बरामद इंजन के हिस्से को सुरक्षित रखा गया है और जांच टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इंजन का यह हिस्सा हादसे के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद करेगा।

हादसे में सात लोगों की मौत

इस एयर एंबुलेंस में पायलट, मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और मरीज के परिजन समेत कुल सात लोग सवार थे। 23 फरवरी को हुए इस भीषण हादसे में सभी की मौत हो गई थी। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में और तलाशी बढ़ा दी है। साथ ही जांच एजेंसियां विमान के अन्य हिस्सों को ढूंढने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भी सतर्क हैं।

Related Post