Breaking
Sun. Mar 15th, 2026

मानगो बस स्टैंड के पास से 26 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मानगो बस स्टैंड के पास से दो युवकों को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल करीब 26 किलो गांजा, नकद रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 14 मार्च की सुबह करीब 3 बजकर 35 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड गेट नंबर-5 के पास शौचालय के नजदीक दो युवक गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बिहार व पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीतारामडेरा थाना की एक विशेष टीम का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर तलाशी ली। जांच में एक युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के नदिया जिला निवासी विश्वजीत विश्वास के रूप में हुई, जिसके पास से करीब 17 किलो गांजा, 5 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान बिहार के नवादा जिला निवासी मो. ताबिज के रूप में हुई, जिसके पास से करीब 9 किलो गांजा, 1800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

रविवार को डीएसपी भोला प्रसाद और सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर बिहार और पश्चिम बंगाल में सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध गांजा तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Post