Breaking
Sat. Mar 14th, 2026

गुवा में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी, कई दिनों से लापता थी सोमवारी तुमुई

गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गंगदा गांव के पास कारो नदी किनारे एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान गंगदा निवासी 46 वर्षीय सोमवारी तुमुई के रूप में की गई है। वह पिछले कई दिनों से लापता बताई जा रही थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार सोमवारी तुमुई 6 मार्च 2026 को घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी खोजबीन की, लेकिन कहीं से भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। समय बीतने के साथ परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी।

शनिवार को गंगदा गांव के समीप कारो नदी किनारे कुछ ग्रामीणों की नजर मिट्टी में दबे एक संदिग्ध शव पर पड़ी। शव का कुछ हिस्सा बाहर दिखाई दे रहा था और आसपास तेज दुर्गंध फैल रही थी। मामला संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने तुरंत गुवा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में मिट्टी हटाकर शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की मौत कई दिन पहले ही हो चुकी है।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को मिट्टी में दबा दिया गया होगा, ताकि घटना का कोई सुराग न मिल सके। हालांकि पुलिस ने अभी इस बारे में कोई अंतिम पुष्टि नहीं की है।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर यह हत्या का मामला है तो दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल गुवा थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि महिला किन परिस्थितियों में घर से निकली थी और उसकी मौत कैसे हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Related Post