झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान समेत राजनीतिक, शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां हुईं शामिल, देश की उन्नति और भाईचारे के लिए की गई दुआ
जमशेदपुर: साकची स्थित करीम सिटी कॉलेज परिसर में शनिवार को भव्य और गरिमामय दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक हस्तियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन करीम ट्रस्ट के ट्रस्टी सैयद अशफाक करीम, गवर्निंग बॉडी के सदस्यों तथा कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा किया गया।
इफ्तार के दौरान रोजेदारों ने सामूहिक रूप से रोजा खोला और देश में शांति, भाईचारा, विकास और समृद्धि के लिए विशेष दुआ की। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने पवित्र माह रमज़ान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान उपस्थित रहे। उनके अलावा लोयोला स्कूल के फादर विनोद, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, आसिफ महमूद, अलकबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के नजम अंसारी, टाटा स्टील से हसन इमाम मलिक, कर्नल रफी शेख, कर्नल तौकीर, डीएसपी अकरम, डीएसपी फज़ील अहमद, टीएमएच के डॉक्टर विनायक बरुआ, डॉक्टर एन. परवेज ब्रह्मनंद, एमजीएम के डॉक्टर ज़ैब खान, कल्लोल कमानी, शफी अहमद सफ़ो, इलियास खान, वीसी डॉक्टर सफ़दर रज़ी, मुख्तार खान और डॉक्टर मोहम्मद ज़करिया सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
इसके अलावा शहर के विभिन्न कॉलेजों और विद्यालयों के प्राचार्य, ट्रस्टी, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में इस इफ्तार दावत में शामिल हुए।
अतिथियों ने इस आयोजन को सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात और विचार-विमर्श भी हुआ।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही उम्मीद जताई गई कि भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे, ताकि समाज में प्रेम, सहिष्णुता और भाईचारे का संदेश और मजबूत हो सके।

