Breaking
Sat. Mar 14th, 2026

पोटका में अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत, चालक फरार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना टाटा–हाता मुख्य मार्ग पर महुलडीहा (पावरु) के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के गोपीनाथपुर निवासी रसराज बेहरा (78 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की है। ग्रामीणों ने बताया कि रसराज बेहरा सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से तेज गति से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना पोटका थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पोटका थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Post