Breaking
Sat. Mar 14th, 2026

निर्माणाधीन पुलिया में गिरने से बाइक सवार की मौत, बैरिकेडिंग नहीं होने पर लोगों का आरोप

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क पर बने पुलिया में गिरने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य करा रही ठेका कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर के उलीडीह से चार मोड़ तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी दौरान लावजोड़ा के पास एक पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। बताया जाता है कि शुक्रवार देर रात खरसावां थाना क्षेत्र के पिताकलांग गांव निवासी शिवशंकर प्रधान अपनी बाइक से चक्रधरपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन पुलिया के पास सड़क पर उचित संकेतक या बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण उनकी बाइक सीधे पुलिया में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही टोकलो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि सड़क और पुलिया निर्माण के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया है, जिसके कारण दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने ठेका कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो यह हादसा नहीं होता। घटना की सूचना मिलने के बाद ठेका कंपनी के मैनेजर को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि पूरे मामले की जानकारी ली जा सके।

इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता अर्जुन मुंडा ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन पुलिया के पास बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं लगाए जाने के कारण एक युवक की जान चली गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ठेका कंपनी की लापरवाही की जांच कराने और मृतक के परिजनों को कंपनी की ओर से उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Related Post