Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

मोदी पार्क के पास युवती से छिनतई की कोशिश, विरोध करने पर ऑटो से घसीटा

जमशेदपुर। शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मोदी पार्क के पास शनिवार रात करीब 10 बजे एक युवती से छिनतई की कोशिश की गई। घटना उस समय हुई जब युवती ऑटो से साकची से धतकीडीह की ओर जा रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार, रास्ते में बाइक पर सवार तीन युवक युवती के पास पहुंचे और उसका बैग छीनने का प्रयास करने लगे। युवती ने बैग को मजबूती से पकड़े रखा, जिस कारण बदमाश उसे ऑटो से घसीटते हुए नीचे गिराने लगे।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए रीना नामक महिला ने बताया कि जैसे ही उन्होंने और आसपास मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया और युवती की मदद के लिए दौड़े, वैसे ही तीनों युवक मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में भी उस समय पुलिस की कोई गाड़ी या पेट्रोलिंग नहीं थी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

Related Post