Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

रमज़ान के पवित्र माह में ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट की अनोखी पहल: ठेला चलाने वाले मजदूरों को दिया गया ठेला रिक्शा

जमशेदपुर: पवित्र रमज़ान माह में समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए सामाजिक संस्था ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट ने जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की है। शनिवार को ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित सासा इन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ठेला चलाकर जीवनयापन करने वाले मजदूरों के बीच ठेला रिक्शा का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्योति भविष्य ज्योति ट्रस्ट के नवीन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अहसीन इंटरनेशनल स्कूल के नासिर खान मौजूद रहे। इसके अलावा मोहम्मद शफी अहमद, काज़ी स्वाद आलम और रिजवान अहमद भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों के हाथों जरूरतमंद लाभुकों को ठेला रिक्शा प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत में ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष मातिनुल हक अंसारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद लाभुकों को ठेला रिक्शा सौंपे गए, जिससे वे अपने रोजगार को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकें और आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।

इस मौके पर ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम खान ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग देना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान करना ट्रस्ट की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी संस्था इसी तरह के समाजसेवी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में मानगो नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर मुख्तार आलम खान, हिंद आईटीआई के निर्देशक ताहिर हुसैन, शाहिद परवेज, अयूब अली, आफताब आलम सहित शहर के कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में ट्रस्ट के सचिव तथा मानगो नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर मुख्तार आलम खान ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जबकि नादिर खान ने धन्यवाद ज्ञापन देकर कार्यक्रम का समापन किया।

Related Post