Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

नदी में डूबने से 52 वर्षीय प्रेम पूर्ति की मौत, जेटिया थाना पुलिस जांच में जुटी*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत जेटिया थाना क्षेत्र के सरबाई गांव निवासी 52 वर्षीय प्रेम पूर्ति की नदी में डूब जाने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना के संबंध में मृतक के 18 वर्षीय पुत्र गंगाराम पूर्ति ने बताया कि 4 मार्च (बुधवार) को उनके पिता प्रेम पूर्ति सुबह नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत कुंदरीझोर गांव में मागे पर्व मनाने के लिए गए थे। दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच गांव के एक ग्रामीण ने सूचना दी कि नदी में किसी व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है।

गंगाराम पूर्ति के अनुसार उस समय तक उनके पिता घर वापस नहीं लौटे थे। सूचना मिलते ही वह और अन्य परिजन मौके की ओर दौड़े। नदी किनारे पहुंचने पर उन्हें अपने पिता का चप्पल मिला और थोड़ी दूरी पर पानी में एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पुष्टि हुई कि वह शव उनके पिता प्रेम पूर्ति का ही है।

परिजनों ने बताया कि संबंधित नदी पर पुल नहीं है, इसलिए लोगों को नदी पैदल या तैरकर पार करनी पड़ती है। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान ही यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, परिजन इस बात को लेकर चिंतित हैं कि प्रेम पूर्ति अधिक नशा नहीं करते थे, फिर भी वह पानी में कैसे डूब गए।

घटना की जानकारी गांव के ग्रामीण मुंडा को दी गई। इसके बाद ग्रामीण मुंडा द्वारा जेटिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर गुरुवार को सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जेटिया थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह महज दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी।

Related Post