Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

नदी में करंट लगने से युवक की मौत, मंझारी थाना पुलिस जांच में जुटी*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो के टोली जोगना डीपा बोंजो कोंडाकेल (18 वर्ष) की नदी में मछली पकड़ने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक के ममेरा भाई मुकु बिरुवा एवं बड़े भाई घनश्याम कोंडाकेल ने बताया कि यह घटना कल बुधवार को दोपहर 2:00 बजे के आसपास की है। घटना के समय बोंजो कोंडाकेल अपने चार दोस्तों चमरू बिरुवा, अरविंद बिरुवा, महावीर बिरुवा और विक्रम कोंडाकेल के साथ नदी में मछली पकड़ने गया था। परिजनों के अनुसार युवकों ने मछली पकड़ने के लिए घर से बिजली का तार नदी तक खींचा था और उसी करंट की मदद से मछली पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक बोंजो कोंडाकेल करंट की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उसके चारों दोस्त शव को घर लेकर पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से उसे इलाज के लिए मंझारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना को लेकर परिजनों ने सवाल उठाया है कि जब कुल पांच लोग पानी में मौजूद थे तो केवल बोंजो कोंडाकेल को ही करंट कैसे लगा और बाकी लोगों को कोई नुकसान क्यों नहीं हुआ। इसको लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

घटना की सूचना ग्रामीण मुंडा को दी गई, जिसके बाद मंझारी थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मंझारी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मौत केवल करंट लगने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post