रांची:मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंदरी मोड़ के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीशान अंसारी और शाहबाज अंसारी, दोनों चान्हो प्रखंड के कटैया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों छात्र इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कंदरी मोड़ के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही जीशान अंसारी ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शाहबाज अंसारी को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

