सरायकेला : जिले का जिलिंगगोड़ा गांव गुरुवार को गहरे शोक में डूबा रहा। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पौत्र वीर सोरेन के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके अंतिम संस्कार में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष रूप से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री जिलिंगगोड़ा पहुंचकर दिवंगत वीर सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वे भावुक नजर आए। उन्होंने चंपई सोरेन और अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस दुखद घड़ी में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।
परिजनों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सोरेन का असमय निधन केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार और प्रदेश की जनता शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने नम आंखों से वीर सोरेन को अंतिम विदाई दी।

