बोकारो। जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तुपकाडीह मानगो में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। 12 फरवरी 2025 को दीपक पासवान (पिता– राजू पासवान), निवासी मानगो, तुपकाडीह ने लिखित आवेदन देकर सूचना दी थी कि उनकी जमीन पर बने कमरे और कुएं से मोटर पंप, पानी पाइप, तार, गेट, कुदाल, बेलचा सहित अन्य सामान अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना कांड संख्या 43/26, दिनांक 12.02.26, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पुनि नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर लगातार छानबीन करते हुए कांड का सफल उद्भेदन किया। पुलिस ने चोरी गए सामान को बरामद कर लिया और इस घटना में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार (19 वर्ष), कपिल केवट (19 वर्ष) और लक्ष्मण केवट (19 वर्ष) शामिल हैं। तलाशी के दौरान कुदाल, गैता, सबल, गमला और दो बंडल पाइप बरामद किए गए। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह, पुअनि आनंद आजाद, सअनि पुषण पाहन, जितेन्द्र कुमार सिंह, हवलदार संजय बैठा और हवलदार पुरन रजवार की सक्रिय भूमिका रही।

