Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1800 बोतल जब्त 

बोकारो।नगरपालिका आम चुनाव और होली पर्व से पहले उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जरीडीह थाना क्षेत्र के रोरिया गांव (टोला तिलायतंड) में संचालित नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर बुधवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक मकान से भारी मात्रा में तैयार शराब और निर्माण सामग्री बरामद की गई।

नकली शराब बाजार में खपाई जा रही थी

छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की 1800 बोतल विदेशी शराब (करीब 534.600 लीटर) जब्त की गई। बरामद ब्रांडों में मैकडॉवेल, स्टर्लिंग बी7, रॉयल स्टैग, आइकोनिक वाइट और रॉयल चैलेंज शामिल हैं। इसके अलावा 18 जर्किन में लगभग 900 लीटर स्पिरिट, बड़ी संख्या में नकली ईएएल, विभिन्न कंपनियों के स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतलें और कारमेल मिक्सर भी बरामद किए गए। मौके से स्पष्ट हुआ कि यहां संगठित तरीके से नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही थी।

तस्करी पर विशेष निगरानी

उत्पाद विभाग ने बताया कि चुनाव 2026 और होली को देखते हुए अवैध शराब निर्माण व तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई को अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

प्राथमिकी दर्ज

मामले में कुंडोरी निवासी राजा बाबू, बस्तेजी निवासी संतोष मुर्मू और रोरिया निवासी दुर्गा चरण हँसदाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक सन्नी विवेक तिर्की, महेश दास समेत उत्पाद बल के जवान शामिल थे। विभाग ने आगे भी सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।

Related Post