सरायकेला। नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और कच्चा माल जब्त किया गया है।
अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्को नगर तथा गम्हरिया थाना क्षेत्र के यशपुर और जिलिंगोडा में सघन छापेमारी की। अभियान के दौरान 105 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3.6 लीटर अवैध एवं नकली विदेशी शराब और करीब 1500 किलो जावा महुआ बरामद किया गया। जब्त की गई सामग्री को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। बास्को नगर से पकड़े गए विजय जाना और नोगा पिंगुआ उर्फ जेके को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चुनाव अवधि को देखते हुए अवैध शराब के कारोबार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रात्रि गश्ती और छापेमारी अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल नजदीकी थाना या उत्पाद विभाग को देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।

