पाकुड़:* शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने एक बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. टीम ने उनके कब्जे से छह चोरी की बाइक भी बरामद की हैं.
छापेमारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के नेतृत्व में की गई. गिरफ्तार किए गए अपराधियों में आकाश कुमार सिंह, अरविंद केसरी, लालटू शेख, लालचंद शेख और एक नाबालिग शामिल हैं. ये सभी मुफस्सिल और नगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.
एसडीपीओ दयानंद आजाद ने दी जानकारी
पत्रकारों को संबोधित करते हुए एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि 7 फरवरी को बैंक कॉलोनी से बाइक चोरी की सूचना मिली थी. इसी के बाद एसपी ने विशेष टीम गठित की. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और पांच अपराधियों को पकड़ लिया. उनकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक बरामद की गईं.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पकड़े गए अपराधियों ने पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया है. पुलिस अब उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस अभियान में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सन्नी सुप्रभात, मिथुन रजक, सहायक अवर निरीक्षक बिपिन कुमार यादव और सूरज मुर्मू अपने दल बल के साथ शामिल थे. गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है.

