Breaking
Thu. Mar 26th, 2026

महिला दिवस पर होगा भव्य आयोजन “मिट्टी की खुशबू”, गायिका मन्नत नूर रहेंगी मुख्य अतिथि

जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूनिटी संस्था द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह “मिट्टी की खुशबू” का आयोजन आगामी 15 मार्च को किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, उनकी प्रतिभा और समाज में उनके योगदान को उजागर करना है।

यूनिटी संस्था की संयोजक लवली गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के दम पर विशेष पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण होंगी देशभर में लोकप्रिय गीत “लॉन्ग लाची” से प्रसिद्धि पाने वाली मशहूर गायिका मन्नत नूर, जो इस अवसर पर सेलिब्रिटी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि “मिट्टी की खुशबू” केवल एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं की उपलब्धियों, उनकी सशक्त भूमिका और सामाजिक योगदान को समर्पित एक मंच है। संगीत, संस्कृति और सकारात्मक संदेशों के माध्यम से यह आयोजन महिला दिवस को एक विशेष और यादगार रूप देने का प्रयास करेगा।

कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन स्थल की घोषणा शीघ्र ही सोशल मीडिया के माध्यम से की जाएगी। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क होगा, जो पास के माध्यम से दिया जाएगा। पास 1 मार्च से उपलब्ध होंगे।

आज आयोजित प्रेस वार्ता में यूनिटी संस्था की संयोजक लवली गिल के साथ समाजसेवी चंचल भाटिया, आरव सागर, जगजीत सिंह, मनीषा भुइयां, दलजीत सिंह, तुषार दास गुप्ता, जगजीत सिंह जग्गी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Post