चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल पीड़ित को राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और सख्ती का स्पष्ट संदेश भी गया है।
मिली जानकारी के अनुसार फुटबॉल मैदान निवासी संपूर्णा चौधरी के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल 30 जनवरी की रात अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। सुबह जब परिवार के लोगों ने मोटरसाइकिल को गायब पाया तो आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित की ओर से 3 फरवरी को बड़ाजामदा थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
प्राथमिकी दर्ज होते ही बड़ाजामदा थाना पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 4 फरवरी को ओडिशा के बड़बिल न्यू मार्केट वार्ड संख्या-9 से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 24 वर्षीय बलबीर सिंह उर्फ गोरा सिंह, पिता त्रिलोचन सिंह को चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसे दूसरे स्थान पर बेचने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

