Breaking
Thu. May 28th, 2026

हाथी के हमले में घायल अधेड़ की मौत, इलाके में दहशत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत पश्चिम बंगाल सीमा से सटे सरडीहा पंचायत के बांकशोल गांव में जंगली हाथी के हमले से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान बांकशोल गांव निवासी 52 वर्षीय खगेन हेंब्रम के रूप में हुई है। खगेन हेंब्रम की मौत बुधवार देर रात पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज के दौरान हुई, जबकि गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खगेन हेंब्रम बुधवार की शाम अपनी साइकिल से बांकशोल गांव से ससुराल सरडीहा गांव जा रहे थे। इसी दौरान गांव के सबर टोला के पास अचानक एक जंगली हाथी सामने आ गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए खगेन हेंब्रम को एक वाहन से इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर वनरक्षी किरण मंडल भी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले जाने में सहयोग किया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। लगातार हाथियों की आवाजाही और इस तरह की घटनाओं से लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में हाथी की गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

Related Post