चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अध्यक्ष पद की दौड़ में कुल 11 उम्मीदवारों ने ताल ठोक दी है। अब सभी की निगाहें बृहस्पतिवार को होने वाली नामांकन पत्रों की स्कूटनी पर टिकी हैं, जिससे प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं।
चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों में अनूप सुल्तानिया देवी, शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता, रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू, सुनील साव, नितिन प्रकाश, फैयाज खान, मुकेश सिंह, नितेश दोदराजका, राधामोहन बनर्जी, मो. सलीम और रूही खातून शामिल हैं। सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया और शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को नामांकन पत्रों की विधिवत जांच की जाएगी। इस दौरान यदि किसी नामांकन में त्रुटि पाई जाती है तो उस पर निर्णय लिया जाएगा। स्कूटनी के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चुनावी मैदान में कितने प्रत्याशी अंतिम रूप से बने रहेंगे।
चुनाव की घोषणा के बाद से ही चाईबासा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। प्रत्याशी जनसंपर्क में जुटे हुए हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए रणनीति बना रहे हैं। स्कूटनी के बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर चुनावी तस्वीर और भी साफ हो जाएगी। इसके बाद प्रचार अभियान और अधिक तेज होने की संभावना है।

