कोडरमा। जयनगर थाना के परसाबाद मुख्य बाजार में बीती रात एक बछड़े का सिर व अवशेष मिलने पर बवाल हो गया। घटना के बाद परसाबाद के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने बछड़े के अवशेष को बाजार में फेंकने के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परसाबाद बाजार से गुजरने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा भी करने लगे। इधर घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी, एसडीपीओ और स्थानीय पुलिस के आलावा आसपास के 5 थाना की पुलिस पहुंची। ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासन जब तक इस मामले का खुलासा नहीं करती है, तब तक वे सड़क को जाम करके रखेंगे। लोगों ने बताया कि इस तरह की घटना में जो भी लोग शामिल हैं, उसे अति शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो आगे हमलोग आंदोलन को बाध्य होंगे। देर रात जिले के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया। वहीं पुलिस द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को यह आश्वासन दिया गया कि जिसके द्वारा भी यह कुकृत्य किया गया है, उसे पुलिस अगले 24 घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेलने का काम करेगी। इधर करीब 4 घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम रखने के बाद ग्रामीण अपने-अपने घरों को गए। इस दौरान ग्रामीणों का आक्रोश भी दिखा। उन्होंने कहा कि पुलिस अगर अगले 24 घंटे में दोषियों को नहीं पकड़ती है तो वे फिर से आंदोलन को बाध्य होंगे।

