जमशेदपुर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यंग इंडियंस (वाईआई) जमशेदपुर चैप्टर द्वारा रविवार को सड़क सुरक्षा बाइक रैली 3.0 का आयोजन किया गया। रैली को “हेलमेट मैन ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध राघवेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस बाइक रैली में यंग इंडियंस के सदस्यों, विभिन्न बाइक राइडिंग ग्रुप्स, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर, ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए और अनुशासित राइडिंग के माध्यम से सड़क सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से अपील की कि वे गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें तथा सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं। राघवेंद्र कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए हेलमेट अनिवार्य होना चाहिए।
इस अवसर पर वाईआई जमशेदपुर के रोड सेफ्टी चेयर सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि बाइक रैली का उद्देश्य केवल जागरूकता नहीं, बल्कि जिम्मेदार सड़क व्यवहार की संस्कृति विकसित करना है। यह रैली विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री और आमजन के बीच गहरी छाप छोड़ने में सफल रही।
यंग इंडियंस जमशेदपुर द्वारा आयोजित यह पहल शहर में सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

