चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा के तत्वावधान में मंगलवार को मोबाइल वाहन जस्टिस ऑन व्हील्स के माध्यम से खूंटपानी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं प्रधान सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में तथा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी के नेतृत्व में किया गया। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न कानूनी विषयों, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, महिला एवं बाल संरक्षण कानूनों सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोगों के बीच हैंडबिल का भी वितरण किया गया।
शिविर में पीएलवी अलकमा रूही, स्वाति मुखर्जी, रेनु देवी, संगीता देवी एवं अधिवक्ता महेंद्र दोराईबुरु उपस्थित रहे। वक्ताओं ने लोगों को बताया कि न्यायालयीन प्रक्रिया के अलावा मध्यस्थता के माध्यम से भी अपने विवादों का सरल, शीघ्र एवं सुलभ समाधान किया जा सकता है। इस अवसर पर लोगों से उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।
जानकारी दी गई कि जस्टिस ऑन व्हील्स वाहन फरवरी माह के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर आम जनता के बीच विधिक जागरूकता फैलाने और उन्हें न्याय से जोड़ने का कार्य लगातार करता रहेगा।

