Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

आदित्यपुर के एस टाइप चौक पर देर रात भीषण आगजनी, दो दुकानें जलकर खाक, बड़ा हादसा टला

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एस टाइप चौक पर सोमवार देर रात भीषण आगजनी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आई टाइप ब्लॉक के समीप स्थित ‘बाबू पान दुकान’ सहित दो दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से पास में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है। आशंका जताई जा रही है कि दुकानों में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। रात का समय होने और दुकानें बंद रहने के कारण शुरुआत में किसी को आग लगने की भनक नहीं लगी। इसी दौरान दुकान के अंदर रखे पटाखों ने आग पकड़ ली, जिसके बाद तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। पटाखों के फटने से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं।

धमाकों और आग की भयावह लपटों को देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही एस टाइप क्षेत्र के निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजीव उर्फ बबुआ सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दमकल विभाग व स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए तुरंत दूसरी दमकल गाड़ी भी मंगाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Related Post