Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

परसुडीह में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 2.070 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार, साथी फरार

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है।जिसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने कीताडीह स्थित रेलवे अस्पताल के पीछे छापेमारी कर जुगसलाई महतो पाड़ा रोड निवासी शेख यासीन उर्फ बब्बन को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी के पास से 2.070 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसे वह सप्लाई करने के लिए ले जा रहा था।
रविवार को परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक रेलवे अस्पताल के आसपास अवैध रूप से गांजा बेचने और सप्लाई के इरादे से मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद दो युवक भागने लगे, जिनमें से एक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान शेख यासीन उर्फ बब्बन (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी के बयान पर परसुडीह थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस पूछताछ में शेख यासीन ने फरार युवक का नाम शेख अशफाक बताया है, जो जुगसलाई के महतो पाड़ा रोड का ही निवासी है। पुलिस ने अशफाक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी।

Related Post