जमशेदपुर।शहर के अपहृत उद्यमी पुत्र कैरव गांधी की सकुशल रिहाई पर आजसू पार्टी ने जमशेदपुर पुलिस की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। पार्टी के प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और निरंतर प्रयासों के कारण ही यह बड़ी सफलता हासिल हो सकी।
अप्पू तिवारी ने कहा कि इस गंभीर मामले में पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम किया। उन्होंने बताया कि पुलिस की तत्परता से न केवल पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है, बल्कि आम जनता के बीच कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा भी मजबूत हुआ है। अपहरण जैसी गंभीर घटना में पुलिस की भूमिका सराहनीय और प्रशंसनीय रही है।
आजसू पार्टी की ओर से यह भी कहा गया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए अपराधियों के खिलाफ कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
अप्पू तिवारी ने कैरव गांधी के परिवार के प्रति संवेदना और शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आजसू पार्टी हमेशा आम जनता की सुरक्षा, न्याय और कानून-व्यवस्था के पक्ष में मजबूती से खड़ी रहेगी।

